दुर्ग: 09 मार्च। नगरीय निकाय मंत्री शिवकुमार डहरिया, महापौर संघ के अध्यक्ष एजाज ढेबर के नेतृत्व में महापौर धीरज बाकलीवाल समेत अन्य निकाय के चुने हुए महापौर बजट सत्र 2022-23 के लिए प्रस्तुत किए गए ऐतिहासिक बजट के ना सिर्फ साक्षी बने बल्कि मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई भी दी। एक मत से सभी मेयर ने नगरीय क्षेत्रों का सम्मेलन करने का आग्रह किया जिसपर मुख्यमंत्री ने अपनी सहर्ष सहमति दे दी है जिसमें बड़ी घोषणाएं संभावित हैं। जिसके अंतर्गत निकाय क्षेत्रों में विकास के लिए जनप्रतिनिधियों की विकास निधि बढ़ाने के साथ ही महापौर एवं पार्षदों के लिए भी बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों के लिए सौगातों की बरसात की है। उन्होंने हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लागू करने का ऐलान किया है।बजट में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकायों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में विकास योजनाओं का अद्भुत संयोजन किया है।
महापौर बाकलीवाल ने कहा कि प्रदेशवासियों के हितों का ध्यान रखते हुए बजट में प्रावधान किये गए हैं। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का फैसला ऐतिहासिक है। विधायक निधि की राशि दो करोड़ से बढ़ाकर चार करोड़ कर दी गई है।बजट में ग्रामीण, युवा बेरोजगार, किसान और सेवानृवित्त कर्मचारियों पर फोकस किया गया है। इसी तरह अमृत मिशन 2.0 के लिए 2 सौ करोड़ रुपए का प्रावधान कर निकायों में शतप्रतिशत घरों में नल कनेक्शन देने की बड़ी योजना भी शामिल की गई है।
महापौर ने कहा कि व्यापमं की परीक्षा देने वाले युवाओं को परीक्षा शुल्क से राहत देने का फैसला जितना संवेदनशील है ,उतनी ही संवेदनशीलता राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 7 हजार करने में की गई है। किसानों को कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली जैसी कई प्रमुख घोषणाएं कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरे प्रदेश का दिल जीत लिया है।

Facebook Conversations