गरबा महोत्सव में CM साय का संदेश: 68 लाख महिलाओं को महतारी वंदन का सहारा, 14 लाख बनीं लखपति दीदी...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के विभिन्न गरबा एवं नवरात्रि महोत्सवों में शामिल होकर प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कालीबाड़ी स्थित मां काली मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे विभिन्न समाजों द्वारा आयोजित गरबा और नवरात्रि कार्यक्रमों में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गरबा महोत्सव आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का सुंदर संगम है। नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति के सम्मान, आपसी सद्भाव और भारतीय परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से परिवार और समाज मजबूत होता है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, प्रदेश की 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने इसे महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता का प्रमाण बताया।

साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के अनुरूप छत्तीसगढ़ में विकास के साथ सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations