कटघोरा, कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में सोशल मीडिया पर भगवान शिव और राम को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के आरोप में युवक नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ कटघोरा पुलिस ने FIR दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, सावन पर्व के दौरान मांस सेवन को लेकर युवक द्वारा सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट को लेकर स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव और सनातन देवी-देवताओं को लेकर इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना पुलिस ने युवक नितेश मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Facebook Conversations