राजनांदगांव 14 जनवरी 2022.
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में व्यापक पैमाने पर निशुल्क कोरोना जांच कराई जा रही है व अधिक से अधिक सैम्पल लिए जा रहे हैं। दो दिनों में लगभग 8,000 से अधिक लोगों की कोविड जांच की गई है। साथ ही सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में कठिनाई अथवा स्वाद या सूंघने की क्षमता का अभाव होने पर 24 घंटे के भीतर कोरोना जांच कराने की अपील की जा रही है।
जन स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहर के निर्धारित स्थानों के साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सीमावर्ती बार्डर चेकपोस्ट में भी निशुल्क कोरोना जांच कराई जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक निशुल्क कोरोना जांच कराने की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री, जिला अस्पताल बसंतपुर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शंकरपुर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लखोली, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर के साथ ही गांधी सभागृह मेन रोड व पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरव पथ क्षेत्र में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक तथा दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में 24 घंटे कोरोना जांच की जा रही है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़, महाराष्ट्र बार्डर पर पाटेकोहरा चेकपोस्ट सहित सभी चेकपोस्ट में कोविड जांच की जा रही है।
इस संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डा. बीएल तुलावी ने बताया, “कोरोना संक्रमण की दिशा में जिले में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कोरोना टीकाकरण तथा अधिक से अधिक लोगों की कोरोना जांच पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में दो दिनों में ही कुल 8, 636 लोगों की कोरोना जांच की गई।साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी कोरोना जांच की व्यवस्था की गई है। यदि बुखार, खांसी या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र अथवा कन्ट्रोल रूम के हेल्प लाइन नंबर-7440203333 में संपर्क कर सकते हैं”।
कोविड-19 प्रोटोकॉल के पालन कराने फ्लैग मार्च
पुलिस विभाग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम एवं नगर निगम की टीम द्वारा शहर में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने व इस दिशा में जागरूकता लाने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया गया। बिना मास्क वाले लोगों पर चालान की कार्रवाई की गई तथा उन्हें मास्क प्रदान करते हुए समझाईश दी गई।

Facebook Conversations