कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने सरपंचों से कहा- गांव के विकास में निभाएं अहम भूमिका, हर संभव सहयोग देगा प्रशासन
त्वरित ख़बरें:अरुण रिपोर्टिंग

कोरबा। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी सरपंचों से गांवों के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि सरपंच ग्राम पंचायत के प्रथम नागरिक और चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं, इसलिए उनका दायित्व बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन ग्राम पंचायतों के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित सरपंचों की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि गांवों का विकास ही जिले, प्रदेश और देश के विकास की नींव है। उन्होंने सभी सरपंचों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि डीएमएफ प्रभावित 186 गांवों के लिए ग्रामीणों की सहमति से विलेज एक्शन प्लान तैयार किया गया है, जिसके आधार पर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। साथ ही वीबी जीरामजी योजना के तहत भी ग्राम पंचायतों में आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

बैठक में कलेक्टर ने सभी सरपंचों से 30 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने जल संरक्षण को बढ़ावा देने, किसानों को रबी सीजन में धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलें लेने के लिए प्रेरित करने, ग्राम पंचायतों में कर अदायगी बढ़ाने तथा सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए भी ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि जिला प्रशासन ग्राम पंचायतों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वीबी जीरामजी योजना के नए प्रावधानों की जानकारी भी दी। इस दौरान सरपंचों ने भी ग्राम विकास से जुड़े अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations