जिले में भले ही दिन में धूप निकलने लगी है, लेकिन रात की ठंडक अभी भी फसलों के लिए नुकसानदायक बनी हुई है। रात की ठंड से फल और सब्जियों की फसल खराब होने लगी है। साथ ही बदलते मौसम से इनमें कीट भी लगने लगा है। ऐसे में कोरोना के चलते आर्थिक तंगी का सामना कर रहे किसानों के सामने इन फसलों से मुनाफा लेना भारी पड़ रहा है। अब किसान महंगे दाम की पॉलिथीन खरीद कर इन फसलों को ढक रहे हैं। ऐसे में उन्हें काफी रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं।
जिले में इस साल भी मालपुरा, टोडारायसिंह, सोप, राजमहल, देवली, दूनी आदि क्षेत्रों में करीब 20 हजार से अधिक बीघा में फल और सब्जियों की फसल है। गत दिनों पड़ी कड़ाके की सर्दी से कई जगह तो सब्जियों की फसलें खराब ही हो गई हैं। वहीं कई जगह खराब होने के कगार पर हैं। अब ठंड के साथ-साथ इन फसलों में कीट लगने की भी शिकायत हो रही है। किसान इन फलों और सब्जियों को बचाने के लिए महंगे दाम पर पॉलिथीन खरीद कर ला रहे हैं और इससे
फसल को ढक रहे हैं। सोप क्षेत्र के झुडवा, मुबारक नगर, बामनीया, देवरी, ढिकोलिया में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला किसान संतरा देवी, छायना देवी, पिंकी देवी, संतरा देवी, मोहनी देवी, मूर्ति देवी, भंवरी देवी, कैलाशी देवी आदि महिलाओं ने बताया कि वे मिर्ची समेत अन्य सब्जियों और फलों की खेती कर आजीविका चला रही हैं, लेकिन इस साल गत दिनों पड़ी जोरदार सर्दी से सब्जियों और फलों में नुकसान हुआ है। कुछ फसल की संभावना थी, लेकिन अब कीट भी लगने लगा है। ऐसे में महंगे भाव की पॉलिथीन खरीद कर फसलों को ढक रहे हैं। इसमें एक बीघा में करीब आठ से दस हजार रुपए का खर्चा आ रहा है। किसानी का काम कर रहे सेंटर फोर माइक्रो फाइनेंस संस्था के ब्लॉक हेल्पर आशुतोष मित्रा, बना लाल मीणा ने मिर्च की फसल में सर्दी से बचाव के लिए लोटनल (पॉलिथीन) लगाई गई है। कृषि अधिकारी सुगर सिंह मीणा ने बताया कि गत दिनों पड़ी जोरदार ठंड से कुछ जगह सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ था। पॉलिथीन से सब्जियों-फलों को ढक कर कीट, जोरदार ठंड से बचाया जा सकता है।

Facebook Conversations