KBC 13:राजकुमार राव की मां थीं बिग बी की फैन, एक्टर बोले- अमिताभ बच्चन ने मां के निधन के बाद उनके लिए एक वीडियो भेजा था
त्वरित खबरे

'कौन बनेगा करोड़पति 13' के अपकमिंग एपिसोड में स्पेशल गेस्ट के रूप में कृति सेनन और राजकुमार राव नजर आएंगे। शो के जरिए दोनों अपनी नई फिल्म 'हम दो हमारे दो' का प्रमोशन करते नजर आएंगे। एपिसोड के एक नए प्रोमो में, राजकुमार ने अपनी मां को याद किया और खुलासा किया कि अमिताभ ने उनके निधन के बाद उनके लिए एक वीडियो मैसेज भेजा था।

राजकुमार राव की मां थीं बिग बी की बहुत बड़ी फैन

राजकुमार वीडियो में कहते हैं, "मेरी मां आपकी बहुत बड़ी फैन थीं। वो आपसे बहुत प्यार करती थीं। उन्होंने मुझे बताया था कि जब उसकी गुड़गांव में शादी हुई थी, तो वो अपने साथ केवल एक चीज लाई थीं, वो आपका पोस्टर था और उन्होंने इसे मेरे पापा के बेडरूम में लगा दिया था। फिर मेरे पापा इनसिक्योर हो गए थे क्योंकि अरेंज मैरिज थी और ये मोहतरमा घर में आई हैं अमिताभ बच्चन को लेकर। तो वो इनसिक्योर हो गए थे कि तुम इनके (अमिताभ बच्चन) साथ हो या हमारे साथ।"

राजकुमार राव की मां कभी नहीं मिल सकीं बिग बी से

राजकुमार वीडियो में कहते हैं, "जब मैं 'न्यूटन' की शूटिंग कर रहा था, तब मुझे खबर मिली कि मां नहीं रहीं। वो कभी मुंबई नहीं आ पाईं, लेकिन वो कहती थीं कि वो (अमिताभ) एक बार मिलना चाहती हैं। इसलिए जब उनका निधन हुआ, तो मुझे वास्तव में बहुत गिल्ट महसूस हुआ कि मैं उन्हें आपसे नहीं मिलवा पाया। उसी रात जब उनका निधन हुआ मैंने आपसे संपर्क किया और आपको इसके बारे में बताया।"

बिग बी ने बनाया था राजकुमार राव की मां के लिए शार्ट वीडियो

राजकुमार कहते हैं, "मैंने आपसे पूछा कि क्या आपके लिए उनके लिए एक छोटा सा वीडियो बनाना संभव है और मैं इसे किसी और को नहीं दिखाऊंगा और मैं सिर्फ उसकी तस्वीर के सामने वीडियो चलाऊंगा क्योंकि वो सिर्फ एक बार आपसे मिलना चाहती थीं। और सर आपने तुरंत उनके लिए एक वीडियो बनाया और मैंने उसे उनकी फोटो के सामने चलाया और सर किसी कारण से वीडियो पेन ड्राइव से अपने आप गायब हो गया। वीडियो कहां का है किसी को नहीं पता। मुझे लगता है कि ये आपके और उनके बीच होना था और ऐसा करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।" बता दें राजकुमार की मां कमलेश यादव का निधन 2016 में हुआ था।

परेश रावल और रत्ना पाठक भी आएंगे इस फिल्म में नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो राजकुमार राव और कृति सेनन फिलहाल अपनी अपकमिंग फिल्म 'हम दो हमारे दो' का प्रमोशन कर रहे हैं। अभिषेक जैन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजकुमार और कृति के अलावा परेश रावल, रत्ना पाठक शाह और अपारशक्ति खुराना भी लीड रोल में नजर आएंगे। फैन्स को इस फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आ रहा है। इस फिल्म को दिनेश विजान ने प्रोड्यूस किया है। साथ ही फिल्म का लेखन अभिषेक, प्रशांत झा और अभिजीत खुमान ने किया है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations