गाजर नाम सुनते ही आपके मन में क्या आता है? बाजार में बिकने वाली पीली गाजर, जिससे आप सलाद बनाते हैं या फिर लाल गाजर जो हलवे के लिए मुफीद है। लेकिन क्या आपको पता है कि इसके अलावा भी तमाम रंगों के गाजर होते हैं, जो सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद हैं। देसी काली गाजर दिखने में बाजार की बाकी गाजरों की तरह मनभावन भले न हो; लेकिन इसके गुण सुंदर दिखने वाली गाजरों से काफी ज्यादा हैं।
लाल गाजर- बाजार में मिलने वाली सबसे आम गाजर है। स्वाद में मीठी और रसीली होती है। कच्चा खाने और हलवा बनाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।
पीली गाजर- लाल गाजर के मुकाबले थोड़ी कठोर होती है। चिकनी और साफ दिखने के कारण अमूमन इसका इस्तेमाल सलाद में किया जाता है।
संतरी गाजर- पीली गाजर की तरह ही सलाद और सब्जियों में इस्तेमाल होती है।
काली और देसी गाजर- गाजर का देसी वर्जन कह सकते हैं। इसका शेप और साइज निश्चित नहीं होता। कुछ गाजर टेढ़े-मेढ़े और गोल भी हो सकते हैं। दिखने में थोड़े अजीब से होते हैं। लेकिन सेहत के लिए बाकी गाजरों के मुकाबले ज्यादा फायदेमंद हैं।
खतरनाक आर्टिफिशियल रंगों से रंगे जा रहे गाजर
गाजर को ज्यादा चमकदार और आकर्षक दिखाने के लिए इसे आर्टिफिशियल रंगों से रंग दिया जाता है। जिससे गाजर दिखने में तो खूबसूरत हो जाती है। लेकिन सेहत के लिए ये काफी खतरनाक हो जाती है। दूसरी ओर, गाजर को ज्यादा रंगीन और अच्छे साइज में लाने के लिए उसके कई तरह के हाइब्रिड बीज भी तैयार किए गए हैं। जिसके चलते गाजर के मूल पोषक तत्व कम हो गए हैं।
काली गाजर है सबसे ज्यादा फायदेमंद
डाइटीशियन डॉ. प्रियंका सिंह बताती हैं- ‘काली गाजर में फाइबर, पोटैशियम, विटामिन-ए, विटामिन-सी, मैंगनीज, विटामिन-बी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। काली गाजर में पाए जाने वाले पोषक तत्व दूसरी किसी भी गाजर के मुकाबले काफी ज्यादा होते हैं। काली गाजर की तासीर ठंडी होती है, बावजूद इसके इसे सर्दी के मौसम में भी खाया जा सकता है। इसमें विटामिन सी, के, बी 1, बी 2, बी 3, बी 6 और ई पाए जाते हैं। जो सर्दी में इम्यूनिटी को बूस्ट कर बीमारियों से बचाते हैं।’
काली गाजर का फाइबर फैट को करेगा कम
काली गाजर में प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है। फाइबर बॉडी में फैट को बढ़ने से रोकता है। जिसके चलते काली गाजर वजन कम करने में भी मददगार साबित होता है। साथ ही इसमें पाया जाने वाला आयरन आँखों की रोशनी को बढ़ाता है।

Facebook Conversations