जिला हॉकी संघ का मामला जांच में, फिर भी प्रदेश हॉकी संघ के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू
त्वरित खबरें :नेहा साहू रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के निर्वाचन और संस्था के संचालन से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए कलेक्टर द्वारा जांच समिति गठित किए जाने के बावजूद प्रदेश हॉकी संघ के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। 31 अगस्त से राजनांदगांव में प्रदेश हॉकी संघ के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी एवं सिटी स्पोर्ट्स क्लब के अधिकृत प्रतिनिधि मनीष गौतम ने जिला हॉकी संघ राजनांदगांव में कथित तौर पर कार्यकाल समाप्ति के बाद कराए गए निर्वाचन, प्रक्रियात्मक खामियों और पिछले वर्षों के ऑडिट से संबंधित शिकायत जिला कलेक्टर से की थी।

कलेक्टर ने गठित की दो सदस्यीय जांच समिति

शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम एवं उपकलेक्टर के नेतृत्व में दो सदस्यीय जांच दल गठित किया है। जांच दल को तीन दिनों के भीतर पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

फर्म्स एंड सोसायटी की ओर से भी नोटिस

मामले में सहायक पंजीयक फर्म्स एवं सोसायटी, दुर्ग की ओर से भी संस्था के संचालन और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, धारा 32 के तहत चुनाव प्रक्रिया पर स्थगन संबंधी कार्रवाई तथा पिछले वर्षों का आय-व्यय और ऑडिट ब्योरा जमा नहीं किए जाने को लेकर धारा 27 और 28 के तहत दो अलग-अलग कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

वहीं, प्रदेश हॉकी संघ को भी कार्यालय रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसायटी छत्तीसगढ़ की ओर से क्रमांक /शिका.2056/970/26, अटल नगर, दिनांक 27 अगस्त 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

13 सितंबर को प्रदेश हॉकी संघ का चुनाव

इन कार्रवाई और नोटिस के बीच प्रदेश हॉकी संघ ने 13 सितंबर 2026 को चुनाव कराने का कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 31 अगस्त से 2 सितंबर तक राजनांदगांव में नामांकन प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

इसके बाद 3 से 6 सितंबर तक दावा-आपत्ति, 7 से 8 सितंबर तक नामांकन पत्रों की जांच, 9 सितंबर को अंतिम सूची जारी करने, 10 सितंबर को नाम वापसी और 11 सितंबर को नाम वापसी के बाद अंतिम सूची चस्पा करने की प्रक्रिया तय की गई है। 13 सितंबर को मतदान के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों की घोषणा की जाएगी।

जांच के बीच जिला संघ के प्रतिनिधियों की भागीदारी पर सवाल

शिकायतकर्ता मनीष गौतम ने सवाल उठाया है कि जब जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के चुनाव की प्रक्रिया जांच के दायरे में है और कलेक्टर द्वारा जांच समिति गठित की जा चुकी है, तो ऐसे में जिला हॉकी संघ के प्रतिनिधि प्रदेश हॉकी संघ के चुनाव में किस आधार पर भाग ले रहे हैं।

गौतम के अनुसार, यह स्थिति जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच विचारणीय विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और नियमों के अनुरूप प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations