जबलपुर के रांझी में 35 वर्षीय युवक की पत्थर पटक कर हत्या
त्वरित ख़बरें - थाना प्रभारी के घर के सामने पार्क पर पड़ा शव, सुबह लोगों ने दी पुलिस को सूचना

जबलपुर के रांझी में 35 वर्षीय युवक की पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई। युवक का शव शनिवार सुबह रामनगर पार्क में पड़ा मिला। पास में दो खून से सने पत्थर भी मिले हैं। पार्क के पास ही रांझी थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते भी रहते हैं। सुबह लोग पार्क में टहलने पहुंचे, तब जानकारी हुई। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।

रांझी थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते के मुताबिक शनिवार सुबह पार्क में टहलने निकले लोगों ने शव पड़े होने सूचना दी थी। युवक के पैर, माथे पर पत्थर से वार किया गया है। घटनास्थल पर खून फैला है। इससे 8 से 10 किलो वजन के खून से सने दो पत्थर जब्त किए गए हैं। इससे साफ है कि हत्या करने वाले दो या अधिक रहे होंगे। पास में ही रामनगर हाईस्कूल है। उसके पास पार्क के कच्चे रास्ते पर शव पड़ा था। शव से करीब 30 मीटर दूर तीन डिस्पोजल मिले हैं। पानी के बॉटल, सिगरेट का पैकेट भी मिला है। पुलिस ने उसे भी जांच के लिए लिया है।

एएसपी भी पहुंचे मौके पर

खबर मिलते ही एएसपी संजय अग्रवाल, रांझी सीएसपी एमपी प्रजापति सहित एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड टीम पहुंची थी। डॉग कुछ दूर जाकर लौट आया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। युवक की पहचान न होने से पुलिस के लिए वारदात का खुलासा करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने युवक की पहचान के लिए उसके फोटो पुलिस के सोशल ग्रुपों में वायरल किया है। वहीं सीमावर्ती जिलों को भी युवक की फोटो भेजी गई है।

युवक की नहीं हो पाई पहचान

युवक ने सफेद जूता, ग्रे कलर का मोजा, ट्रैक सूट वाला नीला लोवर, लाल ग्रे कलर का अपर, अंदर ग्रे कलर की ऊनी बनियान पहने हुए हैं। उसके दाहिने हाथ में पूजा वाला लाल पीला धागा बंधा हुआ है। उसकी कद काठी लगभग साढ़े पांच फीट होगी। युवक के बारे में फैक्ट्री क्षेत्र में भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फैक्ट्री में स्थानीय के अलावा दूसरे राज्यों के लोग भी जॉब करते हैं। वहीं घटनास्थल पर सक्रिय मोबाइल का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। युवक के पास से मोबाइल या कोई कागज नहीं मिला है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations