दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना राहुल पेट्रोल पंप जामुल की है, जहां ट्रक साइड लगाने की बात को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक 21 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी धनंजय शर्मा निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई अपने ट्रक में डीजल डलवाने राहुल पेट्रोल पंप पहुंचा था। पंप पर पहले से ट्रक क्रमांक CG-04-QB-1851 खड़ा था। ट्रक हटाने की बात को लेकर उस ट्रक के चालक और हेल्पर का प्रार्थी पक्ष के चालक नितीश कुमार से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि हेल्पर ने हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद ट्रक चालक ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के धारदार हथियार से नितीश के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा आरोपी
घटना की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने अपराध दर्ज किया और तत्काल घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लखविंदर सिंग उर्फ पिंटू उम्र 48 वर्ष निवासी EWS-410 हाउसिंग बोर्ड भिलाई को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दूसरा आरोपी फरार
इस मामले में एक अन्य आरोपी जसनदीप सिंग अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जामुल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थान पर विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Facebook Conversations