राजनांदगांव २० अप्रैल
प्रस्तावित नए जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दावा-आपत्ति के पहले प्रशासनिक कामकाज को लेकर प्रशासन के द्वारा तैयारियां शुरू हो गई हैं। सीएम की घोषणा के बाद सबसे पहले जिला और साल्हेवारा को तहसील बनाने के लिए सोमवार को राजपत्र में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। अब कामकाज को लेकर जालबांधा में उपतहसील की शुरुआत की जा रही है।
जालबांधा उपतहसील की विधिवत शुरुआत बुधवार से होगी। इस दौरान नवनिर्वाचित विधायक यशोदा वर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी करेंगे। खैरागढ़ उपचुनाव के पहले कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जालबांधा को उप तहसील बनाने का वादा किया था। चुनाव में कांग्रेस की जीत होते ही उप तहसील की अधिकृत घोषणा सीएम भूपेश बघेल ने कर दी। जिसकी शुरुआत 20 अप्रैल से होगी।
बुधवार से जालबांधा में उप तहसील कार्यालय प्रारंभ हो जाएगा। जालबांधा उप तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार रश्मि दुबे पांडे की नियुक्ति की गई है। सुबह 11 बजे कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। बता दें कि लंबे समय से जालबांधा को उप तहसील बनाने की मांग क्षेत्र के लोगों के द्वारा की जा रही थी, उप तहसील की शुरुआत से लोगों में उत्साह का माहौल है।

Facebook Conversations