ईद उल अजहा पर अमन के लिए दुआओं में उठे हाथ  तीन दिन तक चलने वाला कुर्बानी का सिलसिला शुरू
त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

भिलाई। टिवन सिटी में तीन दिन के ईद उल अजहा त्यौहार की शुरुआत सोमवार से हुई। कुर्बानी के जज्बे के साथ लोग ईद मना रहे हैं। 19 जून बुधवार तक हैसियत के मुताबिक मुस्लिम समुदाय के लोग बकरों की कुर्बानी करेंगे। पहले दिन ईदुलअजहा की नमाज शहर के तमाम ईदगाह व मस्जिदों में सुबह पढ़ाई गई। जिसमें बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए। नमाज के बाद समाज के सभी समुदाय के लोगों ने मुस्लिम भाईयों को गले मिल कर मुबारकबाद दी। इसके साथ ही हज पूरा होने पर दुआएं की गईं।

जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम इकबाल अंजुम हैदर ने नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट के सदर जमील अहमद की ओर से सालाना रिपोर्ट पेश की गई। जिसमें ट्रस्ट की ओर से मस्जिद में जारी निर्माण कार्य की जानकारी दी गई। वहीं मुल्क में बढ़ती सांप्रदायिक घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए ऐसे तत्वों पर लगाम लगाने की मांग की गई। इमाम के खुत्बे के बाद मुल्क में अमन व भाईचारे की दुआएं की गई।

ईद उल अजहा के मौके पर मक्का मुअज्जमा में हज पूरा होने पर सभी लोगों ने दुआएं की। खास तौर पर दुर्ग-भिलाई से गए हाजियों ने अपने-अपने परिवार में फोन-वीडियो कॉल कर हज पूरा होने की जानकारी दी और लोगों ने उनसे दुआओं की गुजारिश की। ईद की नमाज के मौके पर भिलाई में तमाम मस्जिदों व ईदगाहों में हज पूरा होने पर हाजियों को मुबारकबाद पेश की गई। ईद उल अजहा पर शहर के कब्रिस्तान हैदरगंज में लोग नमाज के बाद पहुंचे और अपने दिवंगत परिजनों की कब्र पर दुआएं की।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations