हरदोई में भाईयों के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, जलती बाइक के पास पहुंचा युवक जिंदा जला
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

उत्तर प्रदेश ,के हरदोई जिले से शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मामूली विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना अतरौली थाना क्षेत्र के नरोईया गांव की है, जहां दो भाइयों के बीच बाइक को लेकर शुरू हुआ झगड़ा कुछ ही देर में त्रासदी में बदल गया। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे की चर्चा कर रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी गंगाराम की पुलिया के पास परचून और मिठाई की दुकान है। उनके चार बेटे शेरू, साजन, विकास और निखिल थे। निखिल सबसे छोटा बेटा था और दुकान संभालने में पिता का हाथ बंटाता था। शुक्रवार शाम करीब चार बजे निखिल दुकान पर बैठा हुआ था। तभी उसका बड़ा भाई शेरू स्प्लेंडर बाइक लेकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि शेरू नशे की हालत में था और वह बाइक को पुवायां ले जाने की जिद कर रहा था।

निखिल ने उसे बाइक देने से साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि पिता ने बाइक कहीं ले जाने से मना किया है। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शेरू ने दुकान में रखा पेट्रोल उठाया और बाइक पर छिड़ककर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी।

बाइक में लगी आग देखकर निखिल उसे बुझाने के लिए पानी लेने दौड़ा, लेकिन शेरू ने उसे रोक दिया। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच हाथापाई भी शुरू हो गई। बताया गया कि गुस्से में निखिल ने बाल्टी उठाकर शेरू के सिर पर मार दी। इसके बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद निखिल दुकान से पेट्रोल की दो बोतल लेकर आया और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। फिर वह जलती हुई बाइक के पास जाकर खड़ा हो गया और आग की चपेट में आ गया। आग लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

गंभीर रूप से झुलसे निखिल को तत्काल अतरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गुस्से और नशे की हालत में लिया गया एक गलत फैसला किस तरह पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर सकता है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations