घर के आंगन में खेल रही बच्ची को ट्रक ने कुचला जाने पूरी घटना
त्वरित ख़बरें - शोक का कार्यक्रम:आंगन में खेल रही मासूम को दीवार तोड़कर अनियंत्रित ट्रक ने कुचला

घर के आंगन में खेल रही बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। घटना रविवार शाम अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चिरपोटी की है। गांव के श्रवण निषाद के घर में शोक का कार्यक्रम चल रहा है। उसी में शामिल होने 13 साल की मासूम नातिन नित्या निषाद अपने परिजनों के साथ आई थी।

अनियंत्रित ट्रक घर की दीवार तोड़कर आंगन तक पहुंच गया, जिसके नीचे आने से बच्ची की मृत्यु हो गई। इससे ठीक सात दिन पहले मेन रोड पर उसके नाना की भी दुर्घटना में ही मौत हुई थी, जिनका शोक कार्यक्रम घर में हुआ। मासूम अपने नाना के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले अपनी मां भुवनेश्वरी के साथ आई थी।

दुर्घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने घटना स्थल के पास चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों से मुआवजा राशि और दुर्घटना को रोकने के इंतजाम की मांग की। अफसरों के आश्वासन के बाद हंगामा खत्म हुआ। मौके पर परिजनों को सहायता राशि दी गई। सोमवार को शव का पीएम कराने के बाद पुलिस ने बॉडी परिजन को सौंप दी।

नशे में धुत था ट्रक चालक, घटना के बाद मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक घटना रविवार शाम करीब 5.30 बजे की है। मासूम नित्या मूलत: बालोद जिले की रहने वाली थी। पुलिस को परिजन रामकुमार निषाद निवासी केवट पारा ने बताया कि ट्रक चालक नशे में धुत था।

गांव के बीच सड़क पर उससे ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक एक पान की दुकान का शेड तोड़ते और एक बाइक को कुचलते हुए श्रवण निषाद के घर में घुस गया और घर के आंगन में खेल रही 13 वर्षीय बच्ची नित्या पिता गोपाल निषाद को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

ग्रामीणों ने परिजनों को मौके पर दिलाई सहायता राशि
सड़क हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नित्या को इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया। यहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्ची की मौत की खबर सुनने के बाद नाराज ग्रामीणों का थाने के सामने जमावड़ा लग गया। भीड़ की सूचना पर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार ने परिवार को 25 हजार और ग्राम पंचायत ने 5 हजार रुपए की सहायता राशि दी। इसके बाद ही ग्रामीण शांत हुए और प्रदर्शन बंद कर दिया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations