दुर्ग। जिले में म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के मामले में सुपेला पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उमेश शर्मा (41 वर्ष), निवासी शांति पारा, कैम्प-01 भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 18 खातों का उपयोग देश के अलग-अलग राज्यों में हुई ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने में होने की जानकारी सामने आई थी। इस मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1324/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई और बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। जांच में उमेश शर्मा का बैंक खाता भी साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने में इस्तेमाल होना पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना बैंक खाता एक अज्ञात व्यक्ति को उपलब्ध कराने और खाते में ठगी की रकम मंगवाकर नगद प्राप्त करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले भी एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसके खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। अब एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रकरण से जुड़े बाकी लोगों की तलाश कर रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील: किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी न दें। कमीशन के लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराना साइबर अपराध में संलिप्तता का कारण बन सकता है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Facebook Conversations