दुर्ग। दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के भदोही स्थित उसके घर से करीब 200 ग्राम सोने का गला डल्ला बरामद किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, वैशाली नगर थाना में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया है। मामले में उत्तर प्रदेश के भदोही निवासी 37 वर्षीय सोनू जायसवाल को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के कब्जे से पहले ही दो सोने के कंगन जब्त किए जा चुके थे।
पुलिस रिमांड में हुआ खुलासा
चोरी गए सोने की बाकी बरामदगी के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने करीब 200 ग्राम सोना अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 17 से 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया।
17 नवंबर को पुलिस टीम आरोपी को लेकर उत्तर प्रदेश रवाना हुई। 18 नवंबर को वाराणसी पहुंचने के बाद आरोपी की निशानदेही पर भदोही जिले के राजपुरा स्थित उसके घर की तलाशी ली गई। यहां छिपाकर रखा गया करीब 200 ग्राम वजन का सोने का गला डल्ला बरामद कर जब्त किया गया।
पहले 8 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस टीम बरामद सोने के साथ 19 नवंबर को वैशाली नगर थाना वापस पहुंची। मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस चोरी की बाकी संपत्ति की बरामदगी और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री या उसे छिपाने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

Facebook Conversations