दुर्ग यातायात पुलिस की सख्ती, नो पार्किंग नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तेज
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग,  यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे नो पार्किंग अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के व्यस्त क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 107 वाहनों पर ई-चालान जारी कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और हाईवे किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान जारी कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए समझाइश भी दी कि वे अपने वाहन सड़क या राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस प्रकार खड़े न करें जिससे यातायात प्रभावित हो और दुर्घटना की आशंका बढ़े। उन्हें केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई।

यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर भी कार्रवाई करते हुए ऐसे वाहनों पर चालान किया जो आवागमन में बाधा बन रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले 3091 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

इस अभियान में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों, कर्मचारियों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों की सक्रिय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations