दुर्ग ट्रैफिक पुलिस में नई शुरुआत, नए ASP ने पीक ऑवर और जाम नियंत्रण पर बनाई रणनीति...
त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग ट्रैफिक पुलिस को मिला नया नेतृत्व, सड़क सुरक्षा और जाम मुक्त व्यवस्था पर रहेगा खास फोकस

दुर्ग जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। बुधवार को नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने यातायात कार्यालय में सभी जोन प्रभारियों, टैंगो टीम और यातायात स्टाफ की बैठक लेकर जिले की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगातार निगरानी रखने तथा पीक ऑवर के दौरान जाम की स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए। साथ ही शाम के समय बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से समय पर ड्यूटी पर उपस्थित होकर अनुशासन, जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुगम और जाम मुक्त यातायात व्यवस्था स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी। आम नागरिकों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी। नए नेतृत्व के साथ जिले में ट्रैफिक प्रबंधन को और बेहतर बनाने की दिशा में तेज़ी से काम किए जाने की उम्मीद है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations