छोटी बहन की सहेली के घर से 2.20 लाख के जेवरात चोरी, 21 वर्षीय युवती गिरफ्तार परिचित होने का उठाया फायदा, बहाने से घर के सदस्यों को भेजा बाहर और अलमारी से पार कर दिए सोने-चांदी के जेवरात
राहुल ओझा ब्यूरो प्रमुख-राजनांदगांव

छोटी बहन की सहेली के घर से 2.20 लाख के जेवरात चोरी, 21 वर्षीय युवती गिरफ्तार

परिचित होने का उठाया फायदा, बहाने से घर के सदस्यों को भेजा बाहर और अलमारी से पार कर दिए सोने-चांदी के जेवरात

राजनांदगांव। छोटी बहन की सहेली के घर लगातार आना-जाना एक युवती को भारी पड़ गया। आरोप है कि उसने परिचित होने का फायदा उठाकर घर की अलमारी में रखे करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। मामले में साइबर सेल राजनांदगांव एवं सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 6 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे लखोली बैगापारा स्थित उसके घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि आरोपी युवती अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी। घटना वाले दिन भी वह अपनी छोटी बहन के साथ सहेली के घर पहुंची थी। आरोप है कि उसने योजनाबद्ध तरीके से अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से बाहर जाते ही उसने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और वहां से फरार हो गई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज (21 वर्ष), निवासी शंकरपुर शिवानंद चौक, ओपी चिखली, राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवती ने चोरी की घटना स्वीकार की। उसके कब्जे से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी युवती को 22 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार सहित पुलिस एवं साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका रही।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations