बस्तर ओलंपिक की तैयारी तेज, 23-24 नवंबर को कांकेर में जिला स्तरीय मुकाबले...
त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

उत्तर बस्तर कांकेर। जिले में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 23 और 24 नवंबर को जिला मुख्यालय कांकेर में किया जाएगा। इसमें जिले के खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल समेत 11 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे।

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न खेल मैदानों और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, डाईट परिसर, बीआरसी कार्यालय परिसर और खेल मैदान का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा।

11 खेल विधाओं में होंगे मुकाबले

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, रस्साकसी, बैडमिंटन, तीरंदाजी, कराते, वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए अलग-अलग दिन

प्रतियोगिता में 23 नवंबर को जूनियर वर्ग और 24 नवंबर को सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। खेलों के आयोजन के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।

  • नरहरदेव स्कूल मैदान: कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, एथलेटिक्स, हॉकी, कराते और वेटलिफ्टिंग।

  • मिनी स्टेडियम: फुटबॉल और बैडमिंटन।

  • शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर: तीरंदाजी।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations