भोपाल-  व्यापारी पंकज जैन के बेटे जलज जैन खुदकुशी में खुलासा
त्वरित ख़बरें - पहला फायर जबड़े में, मिस हुआ तो दूसरी कनपटी पर मारी

भोपाल के पिपलानी इलाके में रहने वाले रायसेन के गल्ला मंडी के व्यापारी पंकज जैन के बेटे जलज जैन (21) ने खुद को दो गोलियां मारी थीं। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ। पहली गोली जबड़े के पास मारी, जो साइड से निकलकर छत में लगी। इसके बाद उसने कनपटी पर दूसरी गोली चलाई। दोनों गोलियां पार हो गईं। जलज ने सुसाइड से पहले छोटे भाई अक्षय को 2 हजार रुपए खर्च के लिए दिया था।

जलज के साथियों ने बताया कि वह काफी खुश था। कोई समस्या नहीं बताई थी। माता-पिता को भी उसने कोई समस्या नहीं बताई। पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच में जुटी है। पुलिस को उसके मोबाइल में लिखा मिला कि चारों तरफ करंट दिखता है, अब सहन नहीं होता।

बता दें कि मूलत: गैरतगंज, रायसेन का रहने वाला जलज सिद्धार्थ लेक सिटी भोपाल में अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था। वह एक्सीलेंस कॉलेज से बीकॉम ऑनर फाइनल ईयर का छात्र था। पिता रायसेन में अनाज का व्यापार करते हैं। 23 जनवरी को जलज ने पटेल नगर में ई-बाइक का शो-रूम खोला था। शो-रूम के उद्घाटन के लिए उसने पिता को भी बुलाया था।

पंकज पत्नी को अस्पताल लेकर गए, तब की घटना
शुक्रवार दोपहर पंकज पत्नी को लेकर इलाज कराने PNT चौराहा स्थित अस्पताल चले गए थे। छोटा भाई शो-रूम पर था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जलज का छोटा भाई घर पहुंचा। अंदर से दरवाजा बंद मिला। उसने आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह बगल के डुप्लेक्स की छत से चढ़कर अपने डुप्लेक्स के फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचा।

इसके बाद उसने भाई को फिर से दरवाजा खोलने के लिए आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। शंका होने पर उसने पिता को फोन लगाया। थोड़ी देर बाद मां-पिता घर पहुंचे। दरवाजा खोलकर देखा, तो जलज खून से लथपथ पड़ा था।

पिता की रिवॉल्वर से मारी गोली
टीआई अजय नायर ने बताया कि जलज के पिता के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है। शुक्रवार को वह पत्नी का इलाज कराने गए, तो रिवॉल्व घर में छोड़ दिया। टीआई नायर ने बताया कि जलज ने कनपटी, जबड़े के पास दो फायर किए हैं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजनों के भी बयान नहीं हो सके, इसलिए उसकी परेशानी का पता नहीं चल पाया।

चार दिन पहले लगा था करंट

जलज के भाई अक्षय ने बताया कि भाई को चार दिन पहले घर में करंट लगा था। उसने इसे लेकर बताया भी था। अक्षय ने पुलिस को बताया कि साढ़े तीन बजे उसके ट्यूशन टीचर आने वाले थे। इसलिए वह शो-रूम से घर पहुंचा। तब तक भाई खुदकुशी कर चुका था। अक्षय का कहना है कि भाई ने कोई परेशानी नहीं बताई।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations