भिलाई विधायक देवेंद्र यादव से EOW की पूछताछ, कोल लेवी केस में बढ़ी हलचल
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़, के बहुचर्चित कोल लेवी मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शनिवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव से करीब दो घंटे पूछताछ की। EOW ने उन्हें समन जारी कर कार्यालय बुलाया था। पूछताछ के बाद देवेंद्र यादव वापस लौट गए।

जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान सूर्यकांत तिवारी से जब्त की गई एक डायरी में देवेंद्र यादव का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। कथित तौर पर डायरी में विधायक तक रकम पहुंचने का उल्लेख होने के बाद EOW ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया। हालांकि, यह जानकारी जांच एजेंसी के स्तर पर अंतिम निष्कर्ष के रूप में सामने नहीं आई है।

पूछताछ के दौरान देवेंद्र यादव ने खुद पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। EOW ने उनसे कथित लेन-देन और डायरी में दर्ज जानकारी से जुड़े बिंदुओं पर सवाल किए। जरूरत पड़ने पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। इससे पहले शुक्रवार को समन तामील कराने के लिए EOW का एक सिपाही भिलाई पहुंचा था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, कथित कोल लेवी से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल राजनीतिक फंडिंग, रिश्वत और संपत्तियां खरीदने में किया गया। EOW ने अपनी जांच और ED से मिली जानकारी के आधार पर कई नेताओं, अधिकारियों और कारोबारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और कोर्ट में चार्जशीट भी पेश की है।

एजेंसियों ने सूर्यकांत तिवारी को कथित अवैध लेवी वसूली सिंडिकेट का मुख्य सरगना बताया है। जांच के अनुसार जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से प्रति टन 25 रुपये की कथित अवैध लेवी वसूली जाती थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस व्यवस्था के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध वसूली की गई।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations