कुछ दिनों पहले यह खबर आई थी कि अजय देवगन और रोहित शेट्टी जल्द ही 'सिंघम 3' लेकर आ रहे हैं। हालांकि, मेकर्स ने अब तक फिल्म की ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है। अब खबर आ रही है कि 'सिंघम 3' अनुच्छेद 370 की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। रोहित शेट्टी ही इस फिल्म का निर्देशन करेंगे। फिल्म सच्ची घटना को रेखांकित करेगी। फिल्म में यह दिखाया जाएगा कि सरकार के इस कदम ने कैसे आतंकी संगठनों को हिला दिया था। फिल्म के तार 'सूर्यवंशी' से जुड़े हो सकते हैं। इस फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद कश्मीर में आतंकवादियों की एंट्री पर रोक लगी है। एक रिपोर्ट में बताया गया था कि 'सिंघम 3' की कहानी वहीं से शुरू होगी, जहां से 'सूर्यवंशी' खत्म हुई थी। बता दें कि इससे पहले सिंघम फ्रेंचाइजी की दो फिल्में 'सिंघम' और 'सिंघम रिटर्न्स' रिलीज हो चुकी हैं। अजय और रोहित फिल्म की शूटिंग कश्मीर के रियल लोकेशंस पर करेंगे। फिल्म की शूटिंग अगले साल सितंबर में शुरू हो सकती है। यह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 2023 में बड़े पर्दे पर दर्शकों के बीच आ सकती है। कश्मीर, दिल्ली और गोवा में फिल्म की शूटिंग होगी। फिल्म के क्लाइमेक्स सीन में रणवीर सिंह और अक्षय कुमार भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उन्हें कैमियो की भूमिका में देखा जाएगा। 'सिंघम 3' में अजय के अलावा जैकी श्रॉफ भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
शाहरुख और अभिषेक की 'बॉब बिस्वास' ओटीटी पर होगी रिलीज
शाहरुख खान ने 2019 में अपने प्रोडक्शन की फिल्म 'बॉब बिस्वास' का ऐलान किया था। इस फिल्म में लीड किरदार निभाने के लिए शाहरुख ने अभिषेक बच्चन को चुना था। इस फिल्म को बाउंड स्क्रिप्ट प्रोडक्शन और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित किया जा रहा है। अब इस फिल्म से जुड़ी एक अपडेट सामने आई है कि इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जी-5 पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन दीया घोष कर रही हैं। इस फिल्म में अभिषेक के अलावा चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग पिछले साल की शुरुआत में शुरू हुई थी। दिसंबर में इसकी शूटिंग खत्म हो गई थी। इसके अधिकांश हिस्सों की शूटिंग कोलकाता में की गई है। यह फिल्म अभी पोस्ट प्रोडक्शन स्टेज में है। यह फिल्म सुजॉय घोष और विद्या बालन की 2012 में रिलीज हुई 'कहानी' की स्पिन ऑफ फिल्म है। 8 साल बाद अब सुजॉय 'कहानी' के कॉन्ट्रैक्ट किलर बॉब बिस्वास पर केंद्रित फिल्म लेकर आए हैं। इस बार फिल्म में इस किरदार को अभिषेक निभाएंगे
रवीना टंडन की पहली वेब सीरीज 'अरण्यक' दिसंबर में OTT पर आएगी
रवीना टंडन जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू करने वाली हैं। वह अपनी वेब सीरीज 'अरण्यक' को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। अब इस सीरीज की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। रवीना की 'अरण्यक' को 10 दिसंबर को OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा। रवीना टंडन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, "एक ऐसी कहानी जिसके पीछे छुपी हैं कई और कहानियां। जानना चाहते हैं आप? देखिए 'अरण्यक' 10 दिसंबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।" मेकर्स ने सीरीज से रवीना का लुक भी शेयर किया है। इसमें वह एक पुलिस वाले की भूमिका में नजर आई हैं। मेकर्स ने लगभग एक मिनट का टीजर वीडियो भी शेयर किया है। सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल ने किया है। इसमें परमब्रत चटर्जी, आशुतोष राणा, जाकिर हुसैन और मेघना मलिक भी नजर आएंगी। रॉय कपूर फिल्म्स और रमेश सिप्पी एंटरटेनमेंट द्वारा इसका निर्माण किया गया है। यह एक रहस्यपूर्ण सुपरनैचुरल थ्रिलर है। रमेश सिप्पी के बेटे रोहन सिप्पी इस सीरीज के शोरनर भी हैं। इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का लेखन चारुदत्त आचार्य ने किया है। इस वेब सीरीज की कहानी एक विदेशी पर्यटक के शहर में गायब होने की है।

Facebook Conversations