एक्ट्रेस आयुष्मान खुराना की अपकमिंग फिल्म 'डॉक्टर जी' की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। आयुष्मान ने खुद फिल्म का एक नया पोस्टर शेयर कर रिलीज डेट की अनाउंसमेंट की है। इस पोस्टर में उनके साथ रकुल प्रीत सिंह भी नजर आ रही हैं। दोनों डॉक्टर का कोट पहने दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्टर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "17 जून 2022 को सिनेमाघरों में अपना अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए तैयार हो जाएं, क्योंकि मैं, रकुलप्रीत और शेफाली, 'डॉक्टर जी' में एक साथ दिखने वाले हैं।" फिल्म में आयुष्मान एक डॉक्टर का किरदार निभा रहे हैं। 'डॉक्टर जी' एक कॉलेज कैंपस ड्रामा कॉमेडी होगी। इसके जरिए पर्दे पर पहली बार आयुष्मान और रकुल प्रीत सिंह की जोड़ी नजर आएगी। फिल्म की निर्देशक अनुभूति कश्यप हैं। आयुष्मान के किरदार का नाम डॉक्टर उदय गुप्ता होगा। रकुल इसमें डॉक्टर फातिमा का किरदार निभाएंगी। वहीं फाली शाह फिल्म में सीनियर डॉक्टर नंदिनी की भूमिका में हैं। इस फिल्म की शूटिंग भोपाल और प्रयागराज में हुई है।
कंगना रनोट ने शुरू की 'टीकू वेड्स शेरू' की शूटिंग
कंगना रनोट इन दिनों अपने होम प्रोडक्शन में बनने वाली पहली फिल्म 'टीकू वेड्स शेरू' को लेकर चर्चा में हैं। आए दिन उनकी इस फिल्म को लेकर अपडेट सामने आता रहता है। अब कंगना ने अपनी इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। यह जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने फैंस को दी है। कंगना ने पोस्ट में फिल्म के सेट से कुछ फोटोज शेयर की हैं। इन फोटोज में वह 'टीकू वेड्स शेरू' के फर्स्ट लुक की शूटिंग देखते हुए सेट पर नजर आ रही हैं। एक फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "टीकू वेड्स शेरू के फर्स्ट लुक की शूटिंग अपने पसंदीदा जतिन कंपानी के साथ कर रही हूं।" कंगना ने अपने पोर्टफोलियो से एक पुरानी फोटो भी शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'मेरा पहला पोर्टफोलियो, जिसे जतिन कंपानी ने क्लिक किया था। मुझे अपना पहला ब्रेक 'गैंगस्टर' से मिला, क्योंकि अनुराग बासु को यह फोटो पसंद आई थी। आज मैं बतौर निर्माता फिर से जतिन के साथ अपनी यात्रा शुरु कर रही हूं। कितना प्यारा संयोग है?' एक और तस्वीर के साथ कंगना ने लिखा, 'जिंदगी में पहली बार सिर्फ कैमरे के पीछे काम कर रही हूं।' 'टीकू वेड्स शेरू' के निर्देशक साई कबीर हैं। इस फिल्म में कंगना ने अपने पसंदीदा कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दीकी को साइन किया है।
NTR और राम चरण की 'RRR' का टीजर हुआ रिलीज
एसएस राजामौली काफी समय से अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'RRR' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था। यह फिल्म अगले साल 7 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में जूनियर NTR, राम चरण, आलिया भट्ट और अजय देवगन जैसे दिग्गज एक्टर्स नजर आएंगे। अब फिल्म का टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर में सभी लीड एक्टर्स की झलक दिखाई दे रही है। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर 'RRR' का टीजर शेयर कर लिखा, "राजामौली ने फिल्म 'RRR' की दुनिया को एक झलक दिखाई। इसके आश्चर्यजनक दृश्य आपको चौंका देंगे। फिल्म का निर्देशन महान कथाकार राजामौली द्वारा किया गया है।" मेकर्स ने भी टीजर शेयर कर लिखा, "फिल्म 'RRR' का युग अभी शुरू हुआ है। मोस्ट अवेटेड फिल्म की झलक पेश कर रहे हैं। आइए हम सब मिलकर भारतीय सिनेमा के गौरव को वापस लाएं। 7 जनवरी 2022 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म।" टीजर में राम चरण और जूनियर NTR को सुपरहीरो के रूप में प्रस्तुत किया गया है। जिसमें अजय को पहचान पाना मुश्किल लग रहा है। वहीं, इसमें आलिया की भी दमदार उपस्थिति है।
तापसी के होम प्रोडक्शन की फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री कर सकती हैं सामंथा
साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु को लेकर खबर आई है कि वे तापसी पन्नू के होम प्रोडक्शन की एक थ्रिलर फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर सकती हैं। सामंथा इन दिनों दुबई में अपने काम के साथ-साथ छुट्टी भी मना रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे बॉलीवुड में अपनी पारी शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। तापसी पन्नू की प्रोडक्शन कंपनी के बैनर तले बन रही एक थ्रिलर फिल्म से वह बॉलीवुड में डेब्यू कर सकती हैं। इस फिल्म के लिए तापसी की पहली पसंद सामंथा ही हैं। फिल्म को लेकर उनसे बातचीत जारी है। यह एक महिला केंद्रित फिल्म है, जिसमें सामंथा मुख्य भूमिका निभाएंगी। तापसी ने इस साल जुलाई में अपने प्रोडक्शन हाउस आउटसाइडर्स फिल्म्स की घोषणा की थी। बता दें कि बतौर प्रोड्यूसर तापसी स्पैनिश थ्रिलर फिल्म 'ब्लर' का हिंदी रीमेक लेकर आ रही हैं। अब सामंथा उनकी इसी फिल्म से जुड़ी हैं या किसी और से, फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है।
रितेश देशमुख और फरदीन खान की 'विस्फोट' में क्रिस्टल डिसूजा की हुई एंट्री
रितेश देशमुख और फरदीन खान काफी समय से अपनी अपकमिंग फिल्म 'विस्फोट' को लेकर सुर्खियां में हैं। हाल ही में इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई है। अब फिल्म से जुड़ी एक जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिस्टल डिसूजा की भी इस फिल्म में एंट्री हो गई है। क्रिस्टल जल्द इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाली हैं। कहा जा रहा है कि उन्हें फरदीन के अपोजिट भूमिका के लिए कास्ट किया गया है। उन्होंने फिल्म को लेकर अपनी खुशी व्यक्त की है। इस फिल्म की कहानी मुंबई के डोंगरी इलाके और शहर के गगनचुंबी इमारतों के इर्गगिर्द घूमती है। फिल्म में रितेश और फरदीन एक-दूसरे के अपोजिट नजर आएंगे। कूकी गुलाटी फिल्म के निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं। संजय गुप्ता की व्हाइट फेदर फिल्म्स और भूषण कुमार की टी-सीरीज फिल्म का निर्माण करेगी। यह 2012 में आई वेनेज़ुएला फिल्म 'रॉक, पेपर, सीजर' की रीमेक होगी। 'विस्फोट' में फरदीन टैक्सी ड्राइवर और एक पूर्व ड्रग डीलर की भूमिका में नजर आएंगे। रितेश फिल्म में एक कमर्शियल एयरलाइन पायलट की भूमिका निभाएंगे।


Facebook Conversations