80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM साय ने खोला घोषणाओं का पिटारा, बेटियों, किसानों, युवाओं और बस्तर के लिए कई बड़े ऐलान...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री साय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और रोजगार से जुड़ी कई योजनाओं और घोषणाओं की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि अब बस्तर में शांति के साथ विकास की नई सुबह हो रही है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और अन्य योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाने का दावा किया गया। बंद पड़े स्कूलों को फिर से शुरू करने के साथ नए स्कूलों और एजुकेशन सिटी के विकास पर भी जोर दिया गया।

किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से की जा रही है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों पर भी 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी का भी उल्लेख किया गया।

आवास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में अब तक 19 हजार 444 करोड़ रुपये अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बनने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी कई घोषणाएं की गईं। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती के साथ शिक्षक, सहायक शिक्षक और बिजली कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू करने की बात कही गई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 500 करोड़ रुपये के ‘छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन’ को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित करने के साथ 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने की योजना है।

निवेश और रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि इन्वेस्टर कनेक्ट के माध्यम से 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना जताई गई है।

खेल के क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू करने की घोषणा की गई। वहीं ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नति और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का निर्णय बताया गया।

मुख्यमंत्री ने सड़क, रेल, ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का सामूहिक लक्ष्य है और इसके लिए प्रदेशवासियों से मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations