इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है। 25 से 28 मार्च के बीच उनके खिलाफ नेशनल असेंबली में नो कॉन्फिडेंस मोशन यानी अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हो सकती है। तमाम रिपोर्ट्स ये बताती हैं कि इमरान सरकार माइनोरिटी में आ चुकी है, लेकिन खुद कप्तान दम दिखा रहे हैं। बुधवार को खान ने कहा- मेरा इस्तीफा मांगने वाले सुन लें। मैं आखिरी बॉल तक खेलना जानता हूं। इस्तीफा नहीं दूंगा। मेरे पास तुरुप के पत्ते बाकी हैं। इन्हें देखकर दुनिया हैरान रह जाएगी।
अपोजिशन को सरप्राइज मिलेगा
मीडिया से बातचीत में खान ने कहा- अपोजिशन के पास कुछ न कहने को कुछ है और न करने को। मैं उन्हें बहुत बड़ा सरप्राइज देने जा रहा हूं। उन्होंने तो अपने पत्ते खोल दिए, लेकिन मैं इन्हें वक्त पर ही खेलूंगा। नेशनल असेंबली में नो-कॉन्फिडेंस मोशन आने दीजिए। फिर देखते हैं क्या होता है। ये कभी कामयाब नहीं होगा।
एक सवाल के जवाब में खान ने कहा- चाहे जो हो जाए, मैं किसी कीमत पर इस्तीफा नहीं दूंगा। आखिरी बॉल तक मैच खेलूंगा। विपक्ष तो खुद प्रेशर में है। इससे ज्यादा मैं अभी कुछ नहीं कहूंगा।
विपक्ष को फिर चोर-डाकू कहा
इमरान ने एक बार फिर विपक्षी नेताओं को चोर और डाकू करार दिया। उन्होंने कहा- मैं शरीफ या जरदारी से हाथ नहीं मिलाउंगा। ऐसे करप्ट लोगों के साथ मैं खड़ा होना भी पसंद नहीं करता।
एक तरह से उन्होंने ताकतवर फौज को भी धमकी दे दी। कहा- किसी को यह मुगालता नहीं पालना चाहिए कि मैं घर बैठ जाउंगा। जो कहते हैं कि मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए, उन्हें ये भी बताना चाहिए कि मैं इस्तीफा क्यों दूं? क्या मैं चोरों के आगे झुक जाऊं? मुल्क की सियासत को कंट्रोल ऐसे नहीं किया जा सकता। हमारी अपोजिशन दरअसल, ब्रांड ऑफ करप्शन है।