राजनांदगांव की युवा तीरंदाज सृष्टि ने जीता सिल्वर, पुलिस अकादमी में लेती हैं प्रशिक्षण

त्वरित खबरें: अरुण रिपोर्टिंग

राजनांदगांव की युवा तीरंदाज सृष्टि चौरसिया ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। पानीपत में आयोजित सीबीएसई नेशनल गेम्स 2026-27 में सृष्टि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

सृष्टि डीपीएस स्कूल, राजनांदगांव की छात्रा हैं। वह राजनांदगांव जिला पुलिस विभाग द्वारा संचालित रााह तीरंदाजी अकादमी, पुलिस लाइन में नियमित रूप से प्रशिक्षण लेती हैं। पढ़ाई के साथ खेल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सृष्टि ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं।

निःशुल्क प्रशिक्षण से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे खिलाड़ी

रााह तीरंदाजी अकादमी में प्रतिदिन करीब 50 बच्चे तीरंदाजी का अभ्यास करते हैं। पुलिस विभाग द्वारा बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। अकादमी के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर लगातार पदक हासिल कर रहे हैं।

खिलाड़ियों को खेल सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में ABIS Group का सहयोग मिल रहा है। वहीं स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन और राजनांदगांव जिला पुलिस के संयुक्त प्रयासों से बच्चों को प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सृष्टि की उपलब्धि पर आईजी अजय यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। रिजर्व इंस्पेक्टर लोकेश कसेर, फाउंडेशन के सचिन अग्रहरि, ABIS Group, वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज चौधरी और डॉ. चेतन साहू सहित अन्य लोगों ने भी सृष्टि के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सृष्टि सहित अकादमी के खिलाड़ियों को कोच अजेंद्र कुमार टांडेकर नियमित प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार मेहनत कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। सृष्टि की यह सफलता राजनांदगांव की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है।