पंजाब पुलिस की बॉडी बिल्डिंग टीम पूरे देश की पुलिस फोर्स में अव्वल है। इसी टीम के खिलाड़ी हरदीप सिंह लगातार बॉडी बिल्डिंग में पंजाब पुलिस का नाम रोशन कर रहे है। इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन की अगुआई में बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन ऑफ सिक्कम ने 11वीं फेडरेशन कप नेशनल चैंपियनशिप 11 से 13 मार्च तक करवाई। इसमें देश भर से अलग-अलग वेट कैटेगरी में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पंजाब पुलिस सेंटर स्पोर्ट्स के हेड कांस्टेबल हरदीप सिंह ने 100 प्लस कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल कर पंजाब पुलिस का नाम रोशन किया। इसी माह हरदीप ने 7वीं शहीद भगत सिंह बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में ओवरआल मिस्टर पंजाब का टाइटल जीता था। हरदीप ने बताया कि वह रोजाना 4 से 5 घंटे जिम में सुबह-शाम प्रेक्टिस के साथ पौष्टिक अहार का सेवन करते है और इन दिनों अपने नेशनल स्तरीय टूर्नामेंट की प्रेक्टिस कर रहे है। हरदीप सिंह को ओवरआल चैंपियन खिलाड़ी का टाइटल मिलने के साथ 31 हजार रुपए कैश अवाॅर्ड देकर सम्मानित किया गया था।
गौर है कि दो साल पहले हरियाणा में हुई ऑल इंडिया पुलिस चैंपियनशिप में पंजाब पुलिस की बॉडी बिल्डिंग टीम ने ओवरआल फर्स्ट पोजीशन हासिल की थी। पंजाब पुलिस के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हरदीप सिंह गांव जमशेर के रहने वाले है, हरदीप 6 साल से बॉडी बिल्डिंग कर रहे है और 2011 में पंजाब पुलिस में जनरल भर्ती हुए थे। 2020 में भी हरदीप 100 प्लस कैटेगरी में ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में दो गोल्ड के साथ ओवरऑल चैंपियन बने थे। वे 9 बार मिस्टर पंजाब, फेडरेशन कप में तीन सिल्वर मेडल जीत चुके है।