बोइरडीह में कलार समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण, विधायक भोलाराम साहू ने समाज को सौंपी सौगात

त्वरित ख़बरें : भूमिका रिपोर्टिंग

छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोइरडीह में कलार (डड़सेना) समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भवन का लोकार्पण किया और इसे समाज को समर्पित किया।

इस अवसर पर विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि समाज की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे भवन सामाजिक, पारिवारिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने तथा एकजुट होकर विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।

लंबे समय से सामूहिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा की अपेक्षा कर रहे समाज के लोगों ने भवन की सौगात मिलने पर खुशी जाहिर की। समाजजनों ने इसे सामाजिक गतिविधियों के विस्तार और भावी पीढ़ी को सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद डड़सेना, नगर पंचायत छुरिया की पूर्व अध्यक्ष राजकुमारी, ठाकुर राम सिन्हा, एकनाथ सिन्हा, शिवशंकर डड़सेना सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

नवनिर्मित भवन से समाज के विभिन्न आयोजनों, बैठकों और रचनात्मक गतिविधियों को नई सुविधा मिलेगी। साथ ही यह भवन सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।