दुर्ग। शहर के मिनी स्टेडियम, बैगापारा में 29 नवंबर से 05 दिसंबर 2026 तक पंडित श्री युवराज पाण्डेय जी की कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट मैप और पार्किंग प्लान जारी किया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। चंडी मंदिर और कंकालिन मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पटेल बड़ी बैगापारा में होगी। वहीं पटेल चौक, बस स्टैंड और मान होटल की ओर से आने वाले वाहन शिव चंद्राकर, खान बाड़ी एवं कशेर बाड़ी शिक्षक नगर में पार्क किए जाएंगे।
शंकर नगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हरना बांधा मुक्तिधाम के पास पार्किंग बनाई गई है। दोपहिया वाहनों के लिए चंद्राकर ट्रेडर्स और पानी टंकी के पास व्यवस्था रहेगी। वहीं वीआईपी वाहनों की पार्किंग तिलक स्कूल और उसके सामने निर्धारित की गई है।
कथा स्थल तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए आयोजन समिति द्वारा सभी मार्गों पर निःशुल्क ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कंकालिन मंदिर से कथा स्थल और मान होटल से कथा स्थल तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। कथा समाप्त होने के बाद सभी पार्किंग स्थलों से निकलने वाले वाहनों को शंकर नगर, गिरधारी नगर और गया नगर मार्ग से बाहर निकाला जाएगा।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग प्लान का पालन करें। मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े न करें तथा पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।