रायपुर के सुभाष नगर में पुलिस की दबिश, नशे के कारोबार और सेवन के मामले में 17 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

त्वरित खबरें: पायल रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर (देवार पारा) इलाके में दबिश दी। इस दौरान नशे से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 17 व्यक्तियों को चिन्हांकित कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में डिप्टी कमिश्नर पुलिस मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर पुलिस विवेक शुक्ला और असिस्टेंट कमिश्नर पुलिस रमाकांत साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को क्षेत्र में नशे के सामान की बिक्री और सेवन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों को समझाइश भी दी गई।

पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में नशे की गतिविधियों और विवाद की आशंका के चलते लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कुल 17 लोगों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और सेवन करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।