बेमेतरा। जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के 70 अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
यूनिसेफ (UNICEF) के तकनीकी सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण में मातृ मृत्यु समीक्षा (MDSR), बाल मृत्यु समीक्षा (CDR), मृत जन्म (Still Birth) और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (HRP) के प्रबंधन पर जानकारी दी गई। यूनिसेफ के राज्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह और उनकी टीम ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान शिशु स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. दीपक निराला ने नवजात शिशुओं की देखभाल एवं प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अलका साहू ने प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद महिलाओं की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामलों की समीक्षा, मृत्यु के संभावित कारणों की पहचान, केस स्टडी तैयार करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुधारात्मक कदमों पर चर्चा की गई। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, उचित स्वास्थ्य केंद्र में रेफरल और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों की काउंसलिंग, प्रसव के लिए पहले से उपयुक्त स्वास्थ्य संस्था निर्धारित करने तथा सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
प्रशिक्षण में जिला एवं विकासखंड स्तर के चिकित्सा अधिकारी, बीएमओ, अस्पताल सलाहकार, स्टाफ नर्स, आरएमए और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षित करेंगे और आम लोगों को मातृ-शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित प्रसव तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था के प्रति जागरूक करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।