दुर्ग। शहर के दो वार्डों में सड़क और अधोसंरचना विकास कार्यों को गति मिलने जा रही है। महापौर अलका बाघमार ने 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत कुल 47.54 लाख रुपये के विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इनमें वार्ड क्रमांक 25 गायत्री मंदिर वार्ड में डामरीकरण और वार्ड क्रमांक 43 कसारीडीह में बॉक्स कल्वर्ट सहित सड़क निर्माण का कार्य शामिल है।
गायत्री मंदिर वार्ड में 8.32 लाख रुपये की लागत से सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। वहीं, कसारीडीह वार्ड में सहगल ऑटो के पास कुर्मी भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर 39.22 लाख रुपये की लागत से बॉक्स कल्वर्ट और सड़क का निर्माण होगा।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता से कराया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर का सुनियोजित विकास हो।
भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद दीपक साहू, मनीषा सोनी, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता अपर्णा मिश्रा, भारती ठाकुर सहित दोनों वार्डों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। नागरिकों और पार्षदों ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर महापौर एवं निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।