राजनांदगांव। बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से 30 अक्टूबर 2026 को महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को कानून के प्रावधानों की जानकारी देने के साथ किसी भी मुश्किल परिस्थिति में डरने के बजाय आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष वक्ता एवं पॉक्सो प्रभारी डॉ. खिलेश्वर साव ने छात्राओं को सरल भाषा में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि छात्राएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सतर्क रहें। किसी भी असहज स्थिति का सामना होने पर चुप रहने के बजाय अपने शिक्षकों या परिजनों से खुलकर बात करें।
इस दौरान प्राचार्य श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला, श्रीमती सबा खान और श्रीमती व्ही. मॉडले ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं और सवालों के जवाब शिक्षकों से प्राप्त किए। प्राचार्य श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सुरक्षित भविष्य और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।