छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही क्षेत्र में 62 हाथियों के झुंड की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है। हाथियों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर 9 स्कूलों में 4 और 5 नवंबर को छुट्टी घोषित की है।
वन विभाग और प्रशासन हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को जंगल और हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उन्हें परेशान या उकसाने से बचने की अपील की गई है।
इसी बीच हाथियों को उकसाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा और लोगों की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों और अभिभावकों से सतर्क रहने तथा बच्चों को हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में नहीं जाने देने की अपील की है।