दंगा नियंत्रण की तैयारी पर जोर, पुलिस ने मॉक ड्रिल कर जवानों को किया प्रशिक्षित...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (IPS) विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस लाइन जांजगीर-चांपा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बलवा (Riot Control) ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इस दौरान जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।

अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता, संयम और अनुशासन के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण (Crowd Control), दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही अधिकारियों ने बलवा नियंत्रण में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों, सुरक्षात्मक गियर और आवश्यक सुरक्षा उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे नियमित अभ्यासों का उद्देश्य पुलिस बल को हर प्रकार की चुनौतीपूर्ण स्थिति के लिए तैयार रखना, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित, प्रभावी और सुरक्षित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस ने अपनी तत्परता, अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन करते हुए यह संदेश दिया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस हर समय मुस्तैद है।