हथखोज हत्याकांड में 2 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा के पलवल में बदल रहा था ठिकाना

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। हथखोज में युवक की हत्या के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और पलवल में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने स्थायी वारंट की तामिली के दौरान उसकी लोकेशन का पता लगाया और 5 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला 15 सितंबर 2024 का है। पुलिस के अनुसार, निकेश यादव अपने दोस्त नरेन्द्र नवरंगे और आयुष गायकवाड़ के साथ नया मोबाइल किस्त में खरीदने जा रहा था। मोबाइल दिलाने के बहाने आरोपी जितेन्द्र वर्मा ने उन्हें छावनी बुलाया। रास्ते में जितेन्द्र अपने साथियों सोनू और सुमीत जायसवाल के साथ मिला। इसके बाद सभी हथखोज स्थित बीईसी कंपनी के पीछे पहुंचे।

वहां शराब पीने की बात को लेकर नरेन्द्र और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने नरेन्द्र से हाथ-मुक्का और बेल्ट से मारपीट की। इसी दौरान जितेन्द्र वर्मा ने पास पड़े वजनी पत्थर से नरेन्द्र के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले की जांच के दौरान जितेन्द्र वर्मा के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं आरोपी सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह लगातार फरार था और उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।

पुलिस को उसकी हरियाणा के पलवल में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 सितंबर 2026 तक ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह (27) मूल रूप से ग्राम कोलहुवा, थाना बेन, जिला नालंदा, बिहार का निवासी है। मामले में पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू भिलाई की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।