दुर्ग। न्यू आदर्श नगर पोटिया स्थित सियान जन कल्याण समिति का स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता महापौर अल्का वाघमर ने की। समारोह में समिति के पदाधिकारी, सदस्य, पार्षद और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान श्यामलाल साहू ने “मैं विनती करता हूं मोर धरती मां” गीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।
समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने समिति की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति की शुरुआत करीब दो वर्ष पहले लगभग 15 सदस्यों के साथ हुई थी, जो अब बढ़कर 79 सदस्य हो चुके हैं। समिति का विधिवत पंजीयन भी हो चुका है।
उन्होंने बताया कि समिति शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को कॉपी, पेन और पुस्तकें वितरित करने के साथ ही माता तालाब में स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति अभियान और हनुमान चालीसा पाठ जैसे सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित करती है। समिति की ओर से आपसी सहयोग से अब तक करीब दो लाख रुपये सामाजिक कार्यों में खर्च किए जा चुके हैं।
समिति अध्यक्ष ने वरिष्ठजनों के लिए भवन की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि यदि उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए तो वरिष्ठजन अपने अनुभव और ज्ञान का लाभ नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कोचिंग क्लास और ज्ञानवर्धक गतिविधियां संचालित कर सकते हैं।
पार्षद अजय वर्मा ने कहा कि माता तालाब में अतिक्रमण के कारण उसकी स्थिति प्रभावित हुई है, लेकिन क्षेत्र के वरिष्ठजन लगातार समाज के लिए अपना समय दे रहे हैं। वहीं पार्षद सरिता साहू ने वरिष्ठजनों की समस्याओं को सामने रखते हुए समिति के लिए भवन उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया।
वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि वरिष्ठजन अपने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे अनुभव और ज्ञान को समाजसेवा व रचनात्मक कार्यों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 सदस्यों से शुरू हुई समिति का 79 सदस्यों तक पहुंचना उसकी सक्रियता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सांसद ने समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू के सामाजिक समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य है और उनके अनुभव का लाभ आध्यात्मिक, सामाजिक व रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को मिलना चाहिए।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें संसद में अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजा है। उन्होंने समिति की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उचित स्थान उपलब्ध कराने और भवन निर्माण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने सभी वरिष्ठजनों के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. कोमल सिंह सार्वा ने आभार व्यक्त किया। समारोह में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।