बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा समर्पण एवं सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यशाला का आयोजन जिला कार्यालय जुगेरा, बालोद में किया गया। कार्यशाला में अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, जनभागीदारी और संगठन की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगीत के साथ हुई। कार्यशाला में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला प्रभारी संध्या परगनिहा सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी सरल ऐप पर अपलोड की जाएगी और शक्ति केंद्र स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसका जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल और इस दौरान देश में हुए बदलावों को जनता के सामने प्रभावी तरीके से रखा जाएगा।
बूथ स्तर पर चलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान
सांसद विजय बघेल ने कहा कि सेवा समर्पण अभियान के जरिए शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों की जानकारी लोगों के साथ साझा की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को भी जोड़ा जाएगा। ड्राइंग और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों में राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
लाभार्थियों की सफलता की कहानियां सोशल मीडिया पर होंगी साझा
कार्यशाला में ‘कहानी बदलाव की’ अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। प्रत्येक शक्ति केंद्र से ऐसी 10 सफलता की कहानियां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी से सेवा कार्य किए जाएंगे। सेवानिवृत्त बुजुर्गों, स्थानीय कलाकारों और समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, बच्चों और माताओं की सहभागिता, बच्चों को मिठाई-फल वितरण और लाभार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र भेंट करने जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांव-गांव और जिला स्तर पर छोटी यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं को आगे चलकर बड़े अभियान का रूप दिया जाएगा। मशाल के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की योजना है।
कार्यशाला में स्थानीय नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और सेवा कार्यों में सक्रिय टोलियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया। जिला स्तर पर टीम गठित कर शासन के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रमों की पूर्व सूचना स्थानीय नागरिकों को देकर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में टिनेश्वर बघेल ने आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।