गंजपारा में नशे का खेल बेनकाब! 300 प्रतिबंधित टेबलेट के साथ 2 आरोपी दबोचे गए...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 300 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 300 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, दो धारदार हथियार और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹1.36 लाख की सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंजपारा स्थित प्रियंका बोरवेल्स के पीछे मैदान में दो युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी दिपेश उर्फ आयुषदीप (21 वर्ष) के पास से 150 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक धारदार हथियार और एक ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ। वहीं कृष्णा कुमार सेन (19 वर्ष) के कब्जे से 150 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक धारदार हथियार और एक आईफोन SE 2020 बरामद किया गया।

जप्त सामग्री

  • 300 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (अनुमानित कीमत ₹1,20,000)
  • दो धारदार हथियार
  • एक ओप्पो मोबाइल फोन
  • एक आईफोन SE 2020
  • कुल जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹1,36,000

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे और अवैध बिक्री की तैयारी में थे। गिरफ्तारी के समय दोनों के पास धारदार हथियार भी मौजूद थे।

इस मामले में थाना सिटी कोतवाली, दुर्ग में अपराध क्रमांक 411/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 21(ख) एनडीपीएस अधिनियम एवं 25 आयुध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समाज को नशामुक्त बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।