दुर्ग में परिवार खत्म होने की दर्दनाक घटना: सुसाइड नोट में पारिवारिक विवाद का जिक्र

त्वरित खबरे ;हर्ष कुमार गुप्ता

दुर्ग| जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर के अंदर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दो मासूम बच्चे मृत अवस्था में कमरे में पड़े हुए थे। मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। एक साथ चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बन गया। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की भीड़ घर के बाहर जमा हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर को घेरकर जांच शुरू की तथा फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस अभी इस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस परिवार के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि पारिवारिक परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक वजह सामने आ सके। मोहन नगर थाना में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग परिवार को शांत और सामान्य बताते हैं, इसलिए अचानक हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।