दुर्ग। सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले में रानीतराई पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत की जांच के बाद थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मोबाइल लोकेशन से गाजियाबाद पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी जुटाई। मोबाइल नंबरों की लोकेशन दूसरे राज्य में मिलने के बाद आवश्यक अनुमति लेकर रानीतराई पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई।
तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरापुरम, जिला गाजियाबाद क्षेत्र में आरोपी की तलाश की और विश्वजीत मौर्य (29 वर्ष) को पकड़ लिया।
राहुल कुमार के साथ मिलकर ठगी की बात स्वीकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों से धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा लोगों को सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर विश्वास में लिया जाता था और इसी माध्यम से रकम की ठगी की जाती थी।
आरोपी को गाजियाबाद से विधिवत गिरफ्तार कर 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य संलिप्त लोगों और लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम कीमत में सोना या अन्य कीमती सामान दिलाने का लालच देने वाले अनजान लोगों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, मोबाइल या अन्य वित्तीय साधन उपयोग के लिए न दें। पुलिस ने कहा कि इस तरह की ठगी और वित्तीय साधनों के दुरुपयोग में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी