दुर्ग में 9 म्यूल खाताधारकों पर पुलिस की कार्रवाई, 5 से 15 हजार रुपए कमीशन लेकर साइबर ठगों को देते थे बैंक खाते

त्वरित ख़बरें : पायल रिपोर्टिंग

दुर्ग। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 9 म्यूल खाताधारकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोप है कि ये लोग 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था।

दुर्ग पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भिलाई नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 522/2026 और 523/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में प्रकरण दर्ज हैं।

कमीशन के लालच में उपलब्ध कराते थे बैंक खाते

जांच में सामने आया कि आरोपी एजेंटों के माध्यम से आम लोगों से बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज प्राप्त करते थे। इसके बाद ये खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जाते थे। खाताधारकों को इसके बदले 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन या अन्य प्रतिफल दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, इन बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपए की रकम का लेन-देन और हस्तांतरण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर 20 नवंबर 2026 को कुल 9 खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। संबंधित दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

दुर्ग जिले में 3,322 म्यूल खातों की जांच

पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, दुर्ग जिले में अब तक म्यूल अकाउंट से जुड़े कुल 3,322 बैंक खातों की जांच की गई है। इनमें से 3,162 खातों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

इनमें 1,668 खातों पर अपराध दर्ज किए गए, जबकि 618 खातों को जांच के बाद नस्तीबद्ध किया गया है। वहीं 876 खातों पर कार्रवाई शेष है।

इस अभियान के तहत अब तक कुल 63 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने 349 खाताधारकों और एजेंटों के साथ 2 बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की आगे की जांच जारी

पुलिस संबंधित बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन, तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी गई और इसके पीछे अन्य कौन लोग शामिल हैं। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।