दुर्ग। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान बिना वैध दस्तावेज के इमारती लकड़ी का परिवहन करते एक माजदा वाहन को पकड़ा है। वाहन में तिरपाल से ढंककर प्रतिबंधित कहुआ प्रजाति की इमारती लकड़ी सहित अन्य मिश्रित प्रजाति की लकड़ियां ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
सुबह पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ा वाहन
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे चौकी स्मृतिनगर की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अवंतीबाई चौक, कोहका क्षेत्र में संदिग्ध माजदा वाहन क्रमांक CG-19-H-1154 को रोककर जांच की गई।
वाहन पर तिरपाल लगा हुआ था। पुलिस ने तिरपाल हटाकर जांच की तो अंदर कहुआ प्रजाति की इमारती लकड़ी और अन्य मिश्रित प्रजाति की लकड़ियां लदी मिलीं।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
पुलिस ने वाहन चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक, माजदा और काष्ठ को अभिरक्षा में लेकर चौकी स्मृतिनगर लाया।
मामले में नियमानुसार पंचनामा और नोटिस की कार्रवाई की गई।
वन विभाग के सुपुर्द किया गया वाहन और काष्ठ
मामला वन विभाग के क्षेत्राधिकार से संबंधित होने के कारण माजदा वाहन, चालक और जब्त लकड़ी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए वन विभाग भिलाई-03 परिक्षेत्र के सुपुर्द कर दिया गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन या तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। पुलिस ने कहा कि वैध दस्तावेजों के बिना वन उपज एवं काष्ठ का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।