कांकेर में 11 अक्टूबर को सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा, 6 केंद्रों में शामिल होंगे 1685 परीक्षार्थी...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कांकेर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, रायपुर द्वारा सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा एलएसएटी-26 का आयोजन 11 अक्टूबर, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा के लिए कांकेर शहर में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर जिले के लगभग 1685 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

6 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

जिले में परीक्षा के लिए शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही-अलबेलापारा कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल लट्टीपारा, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम मॉडल कॉलेज कांकेर, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सिंगारभाट कांकेर और शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

अधिकारियों की जिम्मेदारी तय

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री टीकाराम देवांगन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं सहायक संचालक शिक्षा श्री लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान व्यवस्था, सुरक्षा और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।