दुर्ग। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानी तराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 63 पौवा देशी प्लेन शराब और 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रानी तराई को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम घोरारी स्थित धरशा रोड के पास एक महिला अवैध रूप से बड़ी मात्रा में शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से एक छीटदार नीले रंग के बैग में रखे 63 पौवा शोले देशी प्लेन शराब और 10 लीटर क्षमता वाले सफेद प्लास्टिक जर्किन में भरी 5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त की गई देशी शराब की कीमत लगभग 5,040 रुपये और महुआ शराब की कीमत करीब 1,000 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी महिला ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी गोदावरी बाई (45 वर्ष), निवासी ग्राम घोरारी, थाना रानी तराई, जिला दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 18 जून 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के निर्माण, परिवहन, संग्रहण अथवा बिक्री जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना रानी तराई पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता एवं त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही।

Facebook Conversations