दुर्ग। जिले में 17 जून की शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। कई शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़ और उनकी शाखाएं सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश और कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से दृश्यता भी काफी कम हो गई थी। इस दौरान कुछ वाहन चालक सड़क का सही अनुमान नहीं लगा सके और उनके वाहन डिवाइडरों पर चढ़ गए, जिससे दुर्घटना और जाम की स्थिति बनने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और राहत एवं यातायात प्रबंधन कार्य शुरू किया।
यातायात पुलिस ने नगर निगम, स्थानीय प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से सड़कों पर गिरे पेड़ों, शाखाओं और अन्य अवरोधों को हटाया। कई स्थानों पर क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों और डिवाइडरों पर चढ़े वाहनों को सुरक्षित हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।
जलभराव वाले क्षेत्रों में स्टॉपर लगाकर वाहन चालकों को सुरक्षित मार्गों की जानकारी दी गई। वहीं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। प्रतिकूल मौसम के बावजूद यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी देर रात तक फील्ड में डटे रहे और राहत कार्यों में जुटे रहे।
यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते अधिकांश प्रभावित मार्गों पर कम समय में यातायात दोबारा सुचारू हो सका। इस राहत एवं यातायात प्रबंधन कार्य में यातायात पुलिस, नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आंधी-तूफान और भारी बारिश के दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, गति नियंत्रित रखें और जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही पेड़ों, बिजली के खंभों और क्षतिग्रस्त संरचनाओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Facebook Conversations