नंदिनी नगर पुलिस की कार्रवाई, 35 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, । अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मेड़ेसरा में अवैध शराब बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मेड़ेसरा स्थित पानी टंकी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामजी लोधी (67 वर्ष), निवासी ग्राम मेड़ेसरा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 पौवा देशी मदिरा और 10 पौवा अंग्रेजी मदिरा बरामद की गई। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत 3,700 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब का संग्रहण और बिक्री कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, गांजा, अन्य मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नशे के खिलाफ अभियान के तहत 1933 हेल्पलाइन पर भी सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations