दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई: धारदार हथियार के साथ दो युवक दबोचे गए
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, 23 जून 2026। थाना मोहन नगर पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए धमधा नाका मंडी क्षेत्र में आम लोगों को धारदार हथियार दिखाकर भयभीत करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बटनदार स्टील के धारदार हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि धमधा नाका मंडी के पास दो व्यक्ति धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक बटनदार स्टील का धारदार हथियार बरामद हुआ।

बिना वैधानिक अनुमति के धारदार हथियार रखने तथा सार्वजनिक स्थान पर उसका प्रदर्शन कर लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनाने के आरोप में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 336/2026 एवं 337/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र पाण्डेय उर्फ चिन्टू (26 वर्ष), निवासी तितुरडीह, दुर्ग तथा सोहेल खान उर्फ बाबू (23 वर्ष), निवासी केजीएन चौक, केलाबाड़ी, दुर्ग के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग बटनदार स्टील के धारदार हथियार जब्त किए हैं।

इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर की पेट्रोलिंग टीम एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन, असामाजिक गतिविधियों या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations